
हरिद्वार, 10 सितंबर 2026। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव उत्तराखंड शासन आनंद वर्द्धन ने गुरुवार को हरिद्वार में विभिन्न निर्माण स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ रोड़ी-बेलवाला, रोशनाबाद, कनखल, दक्षद्वीप, बैरागी कैंप और सीसीआर टावर क्षेत्र में पहुंचकर निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और तकनीकी पहलुओं का जायजा लिया।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे हों और गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए। धीमी गति से चल रही परियोजनाओं की नियमित निगरानी कर बाधाओं का तत्काल समाधान करने और कार्यदायी संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को कहा।
उन्होंने रोड़ी-बेलवाला में प्रशासनिक मार्ग और हरकी पैड़ी रिवाइटलाइजेशन परियोजनाओं का निरीक्षण करते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्थायी रखरखाव की व्यवस्था अभी से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। हाथीपुल से अलकनंदा के बीच घाटों के सुधार कार्य में मजबूत रेलिंग, चेन और सुगम पैदल मार्ग विकसित करने पर जोर दिया।
ऋषिकुल क्षेत्र में सड़क नवीनीकरण, शिवमूर्ति चौक, शंकर आश्रम चौक और भगत सिंह चौक से विल्केश्वर तक पैदल मार्ग एवं चौराहों के सुधार कार्यों का भी निरीक्षण किया। रोशनाबाद में निर्माणाधीन ड्रग वेयरहाउस और दक्षद्वीप-बैरागी क्षेत्र में 60 मीटर स्पान पुल की प्रगति की जानकारी ली।
सीसीआर-2 भवन का काम कुंभ शुरू होने से पहले पूरा कराने के लिए मुख्य सचिव ने जरूरत पड़ने पर दिन-रात कार्य कराने के निर्देश दिए। इसके बाद डाम कोठी में अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्माण कार्यों, गुणवत्ता जांच, पार्किंग, डायवर्जन और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की।
मुख्य सचिव ने थर्ड पार्टी गुणवत्ता जांच एजेंसियों को निर्माण कार्यों की लगातार और सख्ती से जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित सुविधाएं उपलब्ध कराना सभी विभागों की प्राथमिकता होनी चाहिए।
मेलाधिकारी सोनिका ने बताया कि कुंभ क्षेत्र के पुलों का सुरक्षा ऑडिट कराया जा चुका है और आईआईटी रुड़की से भी जांच कराने का आग्रह किया गया है। सीसीआर-2 भवन की गुणवत्ता जांच के लिए केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान से भी जांच कराने का निर्णय लिया गया है।




