देहरादून। खेल मंत्री रेखा आर्या ने 38वें राष्ट्रीय खेलों के 243 पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी के प्रस्ताव को कैबिनेट से मंजूरी मिलने पर खुशी जताई है। उन्होंने इसे उत्तराखंड के खिलाड़ियों के संघर्ष, मेहनत और उपलब्धियों का सम्मान बताया।
रेखा आर्या ने कहा कि यह फैसला खिलाड़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने के साथ उन्हें बिना किसी मानसिक दबाव के खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और खेल विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों के साथ मजबूती से खड़ी है।
उन्होंने कहा कि यह निर्णय उत्तराखंड में ओलंपिक-2036 की तैयारियों और खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। खेल मंत्री ने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों को आगे भी हरसंभव सहयोग और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास जारी रहेंगे।




