
गुणवत्ता, पर्यावरण संरक्षण और कार्यस्थल सुरक्षा को लेकर अधिकारियों-कर्मचारियों को किया जागरूक
देहरादून, 11 सितंबर 2026। यूजेवीएन लिमिटेड के ढकरानी स्थित प्रशिक्षण केंद्र में शुक्रवार को अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए एकीकृत प्रबंधन प्रणाली (Integrated Management System-IMS) पर जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान गुणवत्ता प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण तथा कार्यस्थल पर स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में ISO 9001:2015, ISO 14001:2015 एवं ISO 45001:2018 मानकों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का संचालन क्वालिटी ग्रोथ सर्विसेज, नई दिल्ली के श्री जोगिन्दर सिंह ने किया। उन्होंने बताया कि एकीकृत प्रबंधन प्रणाली के माध्यम से किसी संस्थान में गुणवत्ता, पर्यावरण तथा स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से जुड़े मानकों को एक साथ प्रभावी ढंग से लागू किया जा सकता है।
इस अवसर पर यूजेवीएनएल के प्रबंध निदेशक श्री अजय कुमार सिंह ने कहा कि वर्तमान में यूजेवीएन लिमिटेड के अंतर्गत कई परियोजनाएं संचालित हैं, जबकि राष्ट्रीय महत्व की विभिन्न निर्माणाधीन एवं विकासाधीन परियोजनाओं पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। ऐसे में परियोजनाओं के निर्माण एवं संचालन के दौरान गुणवत्ता, पर्यावरण संरक्षण और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना निगम की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि एकीकृत प्रबंधन प्रणाली को प्रभावी रूप से लागू करने से कार्यप्रणाली में सुधार, संभावित जोखिमों की समय रहते पहचान और उनका बेहतर प्रबंधन करने में मदद मिलेगी। साथ ही इससे कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य करने में भी सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है और इसी उद्देश्य से जागरूकता प्रशिक्षण आयोजित किया गया है।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को Plan-Do-Check-Act (PDCA) की अवधारणा के बारे में भी विस्तार से समझाया गया। बताया गया कि किसी भी कार्य को शुरू करने से पहले उसकी उचित योजना बनाई जाए, इसके बाद निर्धारित योजना के अनुसार कार्य किया जाए, परिणामों की जांच की जाए और कमियां पाए जाने पर आवश्यक सुधार करते हुए कार्य को और बेहतर बनाया जाए। इस प्रक्रिया के माध्यम से संस्थान में निरंतर सुधार की व्यवस्था विकसित की जा सकती है।
प्रशिक्षण में मानक परिचालन प्रक्रिया (SOP) के पालन, दुर्घटनाओं एवं संभावित जोखिमों की रिपोर्टिंग, कचरा प्रबंधन तथा व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (Personal Protective Equipment-PPE) के उचित उपयोग पर भी जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा संभावित जोखिमों को समय रहते चिन्हित कर आवश्यक कदम उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में उपमहाप्रबंधक अरुण कुमार सिंह तथा अधिशासी अभियंता उमाकांत पांडे, अमित रंजन, नीतिन तिवारी, अजय कुमार, केदार सिंह राणा, हरेन्द्र कुमार एवं जितेन्द्र तायल सहित बड़ी संख्या में सहायक अभियंता, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को गुणवत्ता, पर्यावरण और कार्यस्थल सुरक्षा से जुड़े मानकों को अपनी दैनिक कार्यप्रणाली में प्रभावी रूप से लागू करने के लिए जागरूक किया गया।




