देहरादून। संयुक्त नागरिक संगठन देहरादून के पदाधिकारियों, सहयोगियों और शुभचिंतकों ने आजाद हिंद फौज के शहीदों की प्रतिमाओं के समक्ष देशप्रेम और संवैधानिक कर्तव्यों के पालन की शपथ ली। लेफ्टिनेंट कर्नल बी.एम. थापा ने सभी को शपथ दिलाई।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस, शहीद केसरी चंद और मेजर दुर्गा मल्ल की प्रतिमाओं के समक्ष सदस्यों ने सांप्रदायिक सौहार्द, भाईचारे और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने का संकल्प लिया। साथ ही जनहित से जुड़ी सामाजिक सेवाओं में सक्रिय योगदान देने की बात कही।
संगठन ने पर्यावरण संरक्षण, देहरादून को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाने और जनसमस्याओं के समाधान के लिए शासन-प्रशासन के साथ सहयोग से कार्य करने का संकल्प भी लिया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों के आदर्शों पर चलते हुए भ्रष्टाचार मुक्त राज्य के निर्माण की प्रतिबद्धता जताई गई।
इस अवसर पर संयुक्त नागरिक संगठन की नवगठित कार्यकारिणी की घोषणा भी की गई। ब्रिगेडियर के.जी. बहल को अध्यक्ष, सुशील त्यागी को महासचिव और खुशवीर सिंह को कोषाध्यक्ष बनाया गया। संगठन में कई वरिष्ठ नागरिकों, पूर्व सैन्य अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों को जिम्मेदारियां दी गईं।




