अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
देहरादून, 14 सितंबर 2026। जनसमस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में समाधान दिवस आयोजित किया गया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में कुल 102 शिकायतें दर्ज की गईं।
अपर जिलाधिकारी ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रत्येक मामले की जांच करते हुए समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निवेश के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी की शिकायत
समाधान दिवस में ऋषिकेश निवासी रेखा चतरथ, नीलम नेगी और ऋतु गर्ग ने दून समृद्धि लिमिटेड एवं सर्व माइक्रोफाइनेंस इंडिया एसोसिएशन पर निवेश के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया। शिकायत के अनुसार रेखा चतरथ से 18.95 लाख रुपये, नीलम नेगी से 14.75 लाख रुपये और ऋतु गर्ग से 4.25 लाख रुपये की राशि निवेश के नाम पर ली गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए अपर जिलाधिकारी ने प्रशासन को जांच के निर्देश दिए।
नथुवाला निवासी अखिलेश उनियाल ने शिकायत की कि उन्हें इंडिया ग्लोबल सर्विसेज की ओर से नौकरी का ऑफर लेटर दिया गया था और कंपनी के कहने पर उन्होंने 1.75 लाख रुपये जमा किए। इसके बाद उन्हें नौकरी नहीं दी गई। फर्जी कंपनी के विरुद्ध जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग पर अपर जिलाधिकारी ने क्षेत्राधिकारी पुलिस को जांच के निर्देश दिए।
इंद्रेश नगर निवासी खेम चंद ने सचिवालय में चतुर्थ श्रेणी की नौकरी दिलाने के नाम पर 50 हजार रुपये की ठगी किए जाने की शिकायत की। मामले की जांच सीओ पटेलनगर को सौंपी गई।
मोबाइल नेटवर्क और पेयजल की समस्याएं भी उठीं
नवादा मिनी मसूरी जन कल्याण समिति ने क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क की समस्या उठाते हुए मोबाइल टावर स्थापित करने की मांग की। इस पर ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
चकराता विकासखंड के ग्राम पंचायत कावाखेड़ा के अंतर्गत उरटेडा बस्ती में जीर्ण-शीर्ण पेयजल लाइन की शिकायत पर जल निगम को त्वरित कार्रवाई करते हुए पेयजल आपूर्ति सुचारू करने के निर्देश दिए गए।
बुजुर्ग महिला ने बेटे पर प्रताड़ना का लगाया आरोप
नेहरू कॉलोनी निवासी 62 वर्षीय आशा कनौजिया ने बताया कि मातृ स्नेह के चलते उन्होंने अपनी संपत्ति पुत्र के नाम कर दी थी, लेकिन वृद्धावस्था में पुत्र और पुत्रवधू द्वारा उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। मामले में अपर जिलाधिकारी ने भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम के तहत वाद दायर कर बुजुर्ग महिला को शीघ्र न्याय दिलाने के निर्देश दिए।
एमडीडीए कॉलोनी निवासी बुजुर्ग महिला जैनव ने आंखों के उपचार के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। इस पर संबंधित एसडीएम को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।
जमीन से जुड़े विवाद भी पहुंचे
सहारनपुर निवासी प्रवेश उप्रेती ने आरोप लगाया कि धोखाधड़ी कर उनकी भूमि किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी गई और भूमि खुर्द-बुर्द की जा रही है। मामले में एसडीएम विकासनगर को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
गीत बिष्ट ने पड़ोसी पर उनकी स्वामित्व एवं कब्जे वाली संपत्ति में अतिक्रमण करने, साझा सीढ़ी पर ताला लगाने, रास्ता बंद करने और धमकी देने का आरोप लगाया। इस पर एसडीएम को जांच कर प्रकरण का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
लच्छीवाला निवासी माधवी गुरंग ने शिकायत की कि उनके जेठ ने प्रॉपर्टी डीलर से मिलीभगत कर उनके घर का रास्ता बंद कर दिया है। मामले में एसडीएम को जांच कर आवश्यक कार्रवाई एवं प्रकरण के निस्तारण के निर्देश दिए गए।
बारिश से क्षतिग्रस्त मकानों और गौशाला की शिकायत
नवादा निवासी दिनेश्वरी देवी ने बताया कि 3 सितंबर को हुई भारी बारिश के कारण उनकी गौशाला की सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। उन्होंने दीवार की मरम्मत के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। इस पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को मौके की फोटो सहित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
चुक्खूवाला निवासी गुड्डी देवी और रायपुर निवासी कमलेश ने बारिश के कारण निजी मकान क्षतिग्रस्त होने की शिकायत की। संबंधित एसडीएम को मौके का निरीक्षण कर जांच आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को महज औपचारिकता न माना जाए। प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई से भी अवगत कराया जाए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम लाल भारती, मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र राणा, नगर कर अधिकारी विजय चौहान सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।




