अंडर-19, अंडर-17 एवं अंडर-14 वर्ग में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

देहरादून। माध्यमिक शिक्षा विभाग, देहरादून के तत्वावधान में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, रायपुर में राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता 17 से 19 सितंबर 2026 तक आयोजित की जा रही है, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जनपदों की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।
प्रतियोगिता का शुभारंभ राज्यसभा सांसद श्री नरेश बंसल ने किया। कार्यक्रम में विधायक श्री उमेश शर्मा काऊ, प्रतियोगिता संयोजक एवं मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून तथा स्थल संयोजक एवं प्रधानाचार्य महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। उत्तराखंड वैश्य महासम्मेलन के प्रदेश अध्यक्ष (युवा) श्री सचिन गुप्ता, जिला सहकारी विकास संघ लिमिटेड, देहरादून के अध्यक्ष श्री राहुल गुप्ता सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों एवं समाजसेवियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-19 बालक वर्ग के पहले मुकाबले में चम्पावत ने अल्मोड़ा को 2-1 से हराया। वहीं एक अन्य मुकाबले में पिथौरागढ़ ने नैनीताल को 6-4 से पराजित किया। अंडर-17 बालक वर्ग में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज की टीम ने देहरादून को हराकर मुकाबला अपने नाम किया। अंडर-14 बालक वर्ग में चम्पावत ने देहरादून को 5-2 से शिकस्त दी।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए जिला खेल समन्वयक श्री जयदेव सिंह रावत के नेतृत्व में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। प्रतियोगिता के दौरान हॉकी सचिव, तकनीकी अधिकारी, निर्णायक एवं अन्य खेल अधिकारी अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।
इस अवसर पर बी.एस. नेगी, घनश्याम आर्य, रोहित नेगी, नितिन कुमार, रवि रावत, इरफान, कामिनी धीमान, सुधा, संध्या, महेश्वर गुप्ता, अमित, वीरेंद्र, सुल्तान, राजेश, सौरभ, दीपक सहित अन्य अधिकारी एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश के युवा हॉकी खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना तथा विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देना है।




