फर्जी प्रमाणपत्र मामले में CM धामी का सख्त एक्शन, सभी आरक्षित श्रेणियों के प्रमाणपत्रों की होगी जांच
NEET UG 2026 काउंसलिंग में अब तक 8 अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्र निरस्त, प्रवेश भी रद्द
देहरादून। NEET UG 2026 की उत्तराखंड राज्य केंद्रीयकृत काउंसलिंग में फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर प्रवेश लिए जाने की शिकायत पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर मामले की जांच के बाद अब तक 8 अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्र निरस्त किए जा चुके हैं और उनकी प्रवेश प्रक्रिया भी रद्द कर दी गई है।
शुरुआती शिकायत सामने आने के बाद ही मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर अनुचित लाभ लेने वालों के साथ-साथ प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया में शामिल दोषियों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
सभी आरक्षित श्रेणियों के प्रमाणपत्रों की होगी जांच
कुछ अन्य अभ्यर्थियों द्वारा अलग-अलग आरक्षित श्रेणियों में कूटरचित प्रमाणपत्रों का इस्तेमाल किए जाने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन के स्तर पर जांच जारी है। मुख्यमंत्री ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए सभी प्रकार की आरक्षित श्रेणियों का लाभ लेने वाले प्रमाणपत्रों के सत्यापन के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में किसी अभ्यर्थी का प्रमाणपत्र कूटरचित पाया जाता है तो उसे तत्काल निरस्त किया जाएगा। साथ ही संबंधित दोषियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों के हितों से समझौता नहीं
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि फर्जी प्रमाणपत्रों के जरिए प्रवेश का लाभ लेना भी गंभीर मामला है। सरकार किसी भी स्तर पर योग्य अभ्यर्थियों के हितों से समझौता नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि प्रमाणपत्रों के सत्यापन के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पहले ही सख्त नकल विरोधी कानून के माध्यम से भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं पर रोक लगाने की दिशा में कदम उठा चुकी है। इसी क्रम में अब फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर अनुचित लाभ लेने के मामलों में भी सख्ती बरती जा रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर प्रवेश लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी और सभी आरक्षित श्रेणियों के प्रमाणपत्रों की जांच के बाद दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
#PushkarSinghDhami #NEETUG2026 #Uttarakhand #FakeCertificate #MedicalCounselling




