राजेश्वर पैन्यूली ने नई टीम को दी बधाई एवं शुभकामनाएं

देहरादून। विधानसभा चुनाव-2027 से पहले भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड में संगठनात्मक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव किया है। भाजपा ने बुधवार को विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रदेश प्रभारियों एवं सह-प्रभारियों की नई जिम्मेदारियों की घोषणा की। नई व्यवस्था के तहत वरिष्ठ नेता राम माधव को उत्तराखंड का प्रदेश प्रभारी बनाया गया है, जबकि अरविंद मेनन और सांसद बांसुरी स्वराज को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
उत्तराखंड में संगठनात्मक बदलाव को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। नई जिम्मेदारी के साथ राम माधव के नेतृत्व में प्रदेश संगठन की गतिविधियों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी, जबकि अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज सह-प्रभारी के तौर पर संगठनात्मक कार्यों में सहयोग करेंगे।
राजेश्वर पैन्यूली ने दी बधाई
भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ के सह-संयोजक राजेश्वर पैन्यूली ने राम माधव को उत्तराखंड का प्रदेश प्रभारी तथा अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज को सह-प्रभारी बनाए जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
पैन्यूली ने कहा कि भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने उत्तराखंड के लिए अनुभवी नेताओं को महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि नई टीम के मार्गदर्शन में संगठनात्मक गतिविधियों को और गति मिलेगी तथा पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन की भूमिका महत्वपूर्ण है। ऐसे में नए प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारियों के अनुभव से उत्तराखंड में संगठन को और मजबूती देने की दिशा में काम होगा।
पैन्यूली ने विश्वास जताया कि नई टीम के नेतृत्व में पार्टी संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय को और प्रभावी बनाया जाएगा तथा संगठनात्मक गतिविधियों को बूथ स्तर तक मजबूती के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।




