गांधी और शास्त्री के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प

देहरादून, 02 अक्टूबर 2026। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती जनपदभर में श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। जिला कार्यालय परिसर में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान गांधीजी के प्रिय भजन ‘रघुपति राघव राजा राम’ का सामूहिक गायन किया गया और उनके आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।
अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश की स्वतंत्रता में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका सादा जीवन, उच्च विचार और मानवता का संदेश आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
अपर जिलाधिकारी स्मृता परमार ने गांधीजी के अहिंसा के सिद्धांत और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को याद किया। वहीं, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी ने स्वच्छता के प्रति गांधीजी की प्रतिबद्धता का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वच्छता के प्रति जागरूकता और जनभागीदारी बढ़ाने में उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं।
कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को भी याद किया गया। उनकी सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण को अनुकरणीय बताते हुए ‘जय जवान, जय किसान’ के संदेश के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर एसडीएम रविन्द्र ज्वांठा सहित कलेक्ट्रेट परिसर के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
#GandhiJayanti #LalBahadurShastri #Dehradun #Uttarakhand #Swachhata




