दो लाख रुपये कीमत के चोरी किए गए तार के बंडल बरामद, ज्यादा पैसा कमाने के लालच में नौकर ने गोदाम को बनाया था निशाना
देहरादून, 2 अक्टूबर। पटेलनगर क्षेत्र में सूर्या सोलर के गोदाम से तार के बंडल चोरी होने की घटना का दून पुलिस ने खुलासा करते हुए नौकर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब दो लाख रुपये कीमत के 7 बंडल हेवेल्स तार और 22 गुच्छे कटे हुए तार बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 30 सितंबर को वादी अंकित चौहान ने अपने गोदाम से नौकर जतिन चौहान द्वारा तार के बंडल चोरी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
जांच के आधार पर पुलिस ने 1 अक्टूबर को चंद्रबनी पटेलनगर स्थित निर्माणाधीन हाईवे के पास चेकिंग के दौरान जतिन चौहान सहित चोरी का माल खरीदने वाले संजीत और तालिब को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में जतिन ने बताया कि वह करीब दो वर्षों से गोदाम में काम कर रहा था और पिछले 4-5 महीनों से अधिक पैसा कमाने के लालच में गोदाम से तार के बंडल चोरी कर कबाड़ियों को कम दाम में बेच रहा था। मालिक को चोरी की जानकारी होने और मुकदमा दर्ज होने के बाद वह पहले चोरी किए गए तारों को बेचकर गांव भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे उसके दो साथियों के साथ पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी: जतिन चौहान (27), संजीत (30) और तालिब (20)।
बरामदगी: 7 बंडल हेवेल्स तार और 22 गुच्छे कटे हुए तार, अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये।
पुलिस टीम: उपनिरीक्षक विक्रम सिंह नेगी, कांस्टेबल सोमपाल और कांस्टेबल विनोद कुमार।
#DehradunPolice #PatelNagar #CrimeNews #Dehradun #Uttarakhand




