
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) के सम्मान में आयोजित विदाई समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल के कार्यकाल की सराहना करते हुए प्रदेश के विकास, शिक्षा, युवा प्रोत्साहन, महिला सशक्तीकरण और पूर्व सैनिकों के कल्याण में उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल ने अपने अनुभव, अनुशासन और दूरदर्शी सोच से युवाओं को नवाचार, उद्यमिता और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित किया। उनका सरल व्यवहार और उत्तराखंड के प्रति आत्मीय लगाव सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने राज्यपाल के स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना भी की।
वहीं, राज्यपाल गुरमीत सिंह ने मुख्यमंत्री, प्रदेश सरकार, प्रशासन और प्रदेशवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि देवभूमि के लोगों से मिला स्नेह, विश्वास और अपनत्व उनके कार्यकाल की अनमोल उपलब्धि है। उन्होंने उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, सैन्य परंपरा और युवाओं की प्रतिभा की सराहना करते हुए प्रदेश की निरंतर प्रगति की कामना की।
#Uttarakhand #PushkarSinghDhami #GurmitSingh #Dehradun #UttarakhandNews





