
देहरादून। महान गायक एवं अभिनेता किशोर कुमार की 39वीं पुण्यतिथि पर देहरादून में आयोजित 39 घंटे के अखंड गायन अनुष्ठान में संगीत प्रेमियों ने उनके सदाबहार गीतों के जरिए भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। पंडितवाड़ी, चकराता रोड स्थित एटलांटिस क्लब में 17 अक्टूबर की सुबह 7 बजे शुरू हुआ यह संगीतमय आयोजन 18 अक्टूबर की देर शाम तक चला।
श्रृंखला म्यूजिकल ग्रुप के संस्थापक अध्यक्ष पीयूष निगम और प्रीति रावत ने गणेश वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियर्स इंडिया के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजीनियर नरेंद्र सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में उत्तराखंड के अलावा दिल्ली और अन्य राज्यों से आए 175 से अधिक गायकों, वादकों और संगीतकारों ने हिस्सा लिया। कलाकारों ने दो दिनों में किशोर कुमार के 500 से अधिक गीत प्रस्तुत कर उन्हें सुरों के माध्यम से नमन किया।
इंजीनियर नरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि किशोर कुमार गायन की विभिन्न विधाओं में पारंगत थे। शास्त्रीय संगीत से लेकर पाश्चात्य शैली तक, हर तरह के गीतों को वे सहजता और प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत करते थे। गायन के साथ-साथ अभिनय के क्षेत्र में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है।
आयोजक पीयूष निगम ने बताया कि यह म्यूजिकथॉन मां गौरी ओल्ड एज होम की सहायता के उद्देश्य से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ओल्ड एज होम के बुजुर्गों ने भी सहभागिता की और संगीत के बीच यादगार पल बिताए।
श्रृंखला संस्कृति समूह ने पीयूष श्रीवास्तव एवं चारु त्यागी श्रीवास्तव की कंपनी जेम्स एक्सक्लूसिव के सहयोग से इस आयोजन को नए स्वरूप में प्रस्तुत किया। संस्था इससे पहले मुंबई में एनडीटीवी के साथ ‘ग्रीनिथोन’ और ‘टेलीथोन’ जैसे बड़े आयोजन भी कर चुकी है।
कार्यक्रम में पीयूष निगम, संजीव वर्मा, बालेश गुप्ता, राम अरोड़ा, संदीप गुप्ता, बिट्टू कोचर, कैप्टन बंशीलाल, मनीष आले और लीना सक्सेना सहित कई कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। किशोर कुमार के गीतों से सजा यह आयोजन संगीत के प्रति समर्पण और महान कलाकार की अमर विरासत को याद करने का खास अवसर बना।
#KishoreKumar #DehradunNews #Musicathon #UttarakhandNews #TributeToKishoreKumar




