मुख्यमंत्री धामी ने कीं नौ महत्वपूर्ण घोषणाएं, स्वास्थ्य, सड़क और पर्यटन सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा
पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को पिथौरागढ़ में आयोजित कार्यक्रम में जनपद को 284 करोड़ रुपये से अधिक की 67 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 105.30 करोड़ रुपये की लागत से पूरे हुए 33 कार्यों का लोकार्पण और 178.76 करोड़ रुपये की लागत के 34 कार्यों का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने जनपद के विकास के लिए नौ महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। इस दौरान विभिन्न विभागों की स्वरोजगार योजनाओं के लाभार्थियों को एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि के चेक वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने, पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इन विकास योजनाओं से सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
आदि कैलाश यात्रा से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदि कैलाश भ्रमण के बाद क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन के प्रति लोगों का आकर्षण बढ़ा है। इस वर्ष आदि कैलाश यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या एक लाख से अधिक पहुंचने की संभावना है। इससे होमस्टे, परिवहन, स्थानीय उत्पादों और पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
उन्होंने बताया कि पिथौरागढ़ में 750 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किए जा रहे मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इससे सीमांत क्षेत्र के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा का अवसर मिलेगा। वहीं, नैनीसैनी हवाई अड्डे के विकास की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
स्वास्थ्य और सड़क सुविधाओं को मिलेगी मजबूती
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिथौरागढ़-बांस-आंवलाघाट सड़क एवं पुल के निर्माण से गंगोलीहाट की दूरी कम होगी और हाट कालिका मंदिर तक पहुंचना आसान होगा। पिथौरागढ़ से मुनस्यारी, हल्द्वानी, दिल्ली और देहरादून तक हवाई संपर्क को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने सीमांत सेवा फाउंडेशन द्वारा संचालित सीमांत नेत्र चिकित्सालय में ऑप्टिकल बायोमीटर का शुभारंभ किया। इससे मरीजों को बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
युवाओं और महिलाओं के सशक्तीकरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। नकल विरोधी कानून के तहत कार्रवाई करते हुए 100 से अधिक लोगों को जेल भेजा गया है।
उन्होंने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लखपति दीदी योजना सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया। साथ ही समान नागरिक संहिता, सख्त भू-कानून और दंगा विरोधी कानून को राज्यहित में उठाए गए महत्वपूर्ण कदम बताया।
पिथौरागढ़ के लिए नौ महत्वपूर्ण घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने जनपद में सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल और धार्मिक स्थलों के विकास से जुड़ी नौ घोषणाएं कीं। इनमें नैनीसैनी देवत से कनारी पाभैं तक मोटर मार्ग का सुधारीकरण एवं डामरीकरण, कैलीगाड़ पुल से बेस अस्पताल तक सड़क का सुधारीकरण, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीडीहाट को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत करना और मवानी के अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाना शामिल है।
इसके अलावा मूनाकोट के रियांसी में राजकीय महाविद्यालय की स्थापना, अस्कोट लिफ्ट पेयजल योजना, ज्याला मंदिर में सीसी मार्ग निर्माण, चिमुशी गांव में गाड़ देवी मंदिर का सौंदर्यीकरण तथा चण्डाक-छेड़ा दिगतोली सड़क का सुधारीकरण और चौड़ीकरण करने की घोषणा की गई।
कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से गुंजी और आदि कैलाश की यात्रा सुगम हुई है। उन्होंने क्षेत्र में धार्मिक एवं साहसिक पर्यटन और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर विधायक डीडीहाट बिशन सिंह चुफाल, विधायक गंगोलीहाट फकीर राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, महापौर कल्पना देवलाल, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कोंडे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
#Uttarakhand #PushkarSinghDhami #Pithoragarh #DevelopmentProjects #UttarakhandNews




