खटीमा में मुख्यमंत्री ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को खटीमा स्थित अपने निजी आवास नगला तराई और लोहियाहेड हेलीपैड पर आमजन एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारियों को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मूल मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है। प्रशासन की जवाबदेही सुनिश्चित करने के साथ ही प्रत्येक व्यक्ति को उसकी समस्या का संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों में गंभीरता दिखाते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्रवाई करनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों और स्थानीय आवश्यकताओं को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि आमजन की समस्याओं का समाधान प्रभावी ढंग से हो और विकास योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचे।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा राज्यमंत्री कैप्टन (सेनि.) गंभीर सिंह धामी, सुरेश कोली एवं रणजीत सिंह नामधारी, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, नगर पालिका परिषद खटीमा के अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, सतीश भट्ट, रनदीप पोखरिया, वरुण अग्रवाल, अमित पांडे और भवानी भंडारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, पुलिस अधीक्षक (अपराध) अनुषा बडोला और अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।




