
देहरादून। जनपद में 6 नवंबर 2026 को प्रस्तावित वीवीआईपी भ्रमण कार्यक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में 4 नवंबर को पुलिस लाइन देहरादून में सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ब्रीफिंग की गई।
ब्रीफिंग के दौरान महानिदेशक अभिसूचना, अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था उत्तराखंड सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। अधिकारियों ने सभी पुलिसकर्मियों को वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य को देखते हुए पूरी सतर्कता और सजगता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।
इस दौरान वीवीआईपी रूट और कार्यक्रम स्थल पर त्रुटिरहित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, ड्यूटी के दौरान आपसी समन्वय बनाए रखने और किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने पर जोर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वीवीआईपी भ्रमण कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें।
#DehradunPolice #VVIPVisit #UttarakhandPolice #SecurityArrangements #DehradunNews #UttarakhandNews #PahadKiKhabar




