आज उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का 50वां जन्मदिन है। आमतौर पर नेता अपना जन्मदिन भव्य समारोहों के साथ मनाते हैं, लेकिन धामी ने इस बार एक अलग ही रास्ता चुना है।

एक तरफ राज्य में देर रात से ही बादल फटने की घटनाओं ने कहर बरपाया हुआ है, तो दूसरी तरफ सीएम ने अपने जन्मदिन को सादगी और सेवा के साथ मनाने का फैसला किया है। सीएम पुष्कर सिंह धामी के कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, उन्होंने अपने जन्मदिन पर किसी भी तरह के उत्सव या औपचारिक कार्यक्रम से दूर रहने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि उनके लिए जन्मदिन का असली जश्न उन जरूरतमंदों और आपदा प्रभावित लोगों की सेवा करना है, जो इस समय मुश्किल हालात का सामना कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के कई इलाकों में भारी बारिश और भूस्खलन से प्रभावित परिवार मुश्किल में हैं। ऐसे में समाज के हर वर्ग को उनकी मदद के लिए आगे आना चाहिए। इसी भावना के साथ, सीएम धामी ने अपना पूरा दिन आपदा पीड़ितों की मदद में समर्पित करने का फैसला किया है। सीएम धामी ने यह भी बताया कि उत्तराखंड में भारी बारिश से उत्पन्न स्थिति पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उनसे फोन पर बात की है। दोनों नेताओं ने हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है। सीएम ने कहा कि केंद्र सरकार के मार्गदर्शन और सहयोग से राहत और बचाव कार्यों में तेजी आई है। उन्होंने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री का हृदय से आभार व्यक्त किया। आज मुख्यमंत्री धामी 50 साल के हो गए हैं, और उनका जन्मदिन उनके राजनीतिक और व्यक्तिगत जीवन की सादगी को दर्शाता है। यह देखना दिलचस्प है कि जिस दिन उत्तराखंड में कुदरत का कहर बरस रहा है, उसी दिन प्रदेश का मुखिया सेवा को ही अपना सबसे बड़ा धर्म मान रहा है।




