देहरादून। गुरु भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक आस्था से सराबोर दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज का 340वां महानिर्वाण पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया गया। देश-विदेश से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने गुरु महाराज की समाधि स्थल पर शीश नवाकर श्रद्धा अर्पित की। गुरुवाणी के स्वर और भक्तिमय वातावरण से पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा।
महानिर्वाण पर्व पर दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दीनशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने विशेष पूजा-अर्चना कर गुरु महिमा का स्मरण किया। उन्होंने संगत को गुरु भक्ति और गुरु कृपा का महत्व बताते हुए कहा कि गुरु के ज्ञान और मार्गदर्शन से ही मनुष्य ईश्वर प्राप्ति के मार्ग पर आगे बढ़ सकता है। गुरु कृपा से ही शिष्य का जीवन सार्थक और धन्य होता है।
इस अवसर पर श्री झण्डे जी परिसर स्थित पवित्र सरोवर के किनारे श्री गुरु राम राय जी महाराज को तर्पण अर्पित किया गया। 17 पुरोहितों द्वारा चावल, दूध, शहद, गंगाजल, घी और शक्कर से विधिवत पूजा-अर्चना की गई। अनुष्ठान के बाद संगत को फलों का प्रसाद वितरित किया गया और विशेष लंगर का आयोजन हुआ।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल की चिकित्सकीय टीम भी मौजूद रही और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं।
वहीं, श्री गुरु राम राय जी महाराज को समर्पित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में संगत ने 142 यूनिट रक्तदान किया। श्री महाकाल सेवा समिति की ओर से श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल ब्लड बैंक के सहयोग से आयोजित इस शिविर में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
Tags:
#ShriGuruRamRai #MahanirvanParv #340thMahanirvanParv #DarbarSahib #Dehradun




