देहरादून। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग (DIPR), देहरादून की ओर से जनपदवासियों के लिए वीडियो एवं फोटो प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता का उद्देश्य देहरादून की स्थानीय उपलब्धियों, सरकारी योजनाओं के लाभ और प्राकृतिक एवं पर्यावरणीय विशेषताओं को रचनात्मक माध्यम से सामने लाना है।
वीडियो प्रतियोगिता के लिए “सरकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों के लाभ” और “इको टूरिज्म” विषय निर्धारित किए गए हैं। प्रतिभागी सरकारी योजनाओं से लाभान्वित देहरादून के स्थानीय लोगों के अनुभव, बाइट या साक्षात्कार के माध्यम से यह बता सकते हैं कि योजनाओं का लाभ लोगों तक किस तरह पहुंच रहा है। इसके अलावा प्रतिभागी किसी योजना के उद्देश्य, पात्रता, लाभ और क्रियान्वयन की जानकारी प्रमाणित सरकारी स्रोतों के आधार पर सरल तरीके से प्रस्तुत कर सकते हैं।
इको टूरिज्म श्रेणी में देहरादून की प्राकृतिक सुंदरता, जंगल, झरने, नदियां, वन्यजीव, गांव, ट्रेकिंग स्थलों और सतत पर्यटन की संभावनाओं को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया जा सकता है।
फोटो प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को लाइव फोटोग्राफ या इलस्ट्रेशन के साथ उसका विवरण और कहानी प्रस्तुत करनी होगी। सभी प्रविष्टियां विशेष रूप से देहरादून जनपद से संबंधित होना अनिवार्य है।
प्रतियोगिता में उपयोग किए जाने वाले फोटो एवं वीडियो के कॉपीराइट का भी ध्यान रखना होगा। Google या YouTube पर उपलब्ध सामग्री को स्वतः उपयोग योग्य नहीं माना जाएगा। आधिकारिक सरकारी वेबसाइटों, सोशल मीडिया चैनलों अथवा अनुमति प्राप्त स्रोतों की सामग्री का ही उपयोग किया जा सकता है।
प्रविष्टियां भेजने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर 2026 है। प्रतियोगिता के परिणाम 18 अक्टूबर 2026 को घोषित किए जाएंगे। प्रतिभागी अपनी प्रविष्टियां dio.ddn@gmail.com पर भेज सकते हैं। ई-मेल के Subject में “Competition Entry_Your Name” लिखना होगा।
प्रतियोगिता अवधि: 17 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026




