देहरादून। मोहब्बेवाला क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून राजमार्ग पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी देहरादून और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने सोमवार को राजमार्ग एवं दुर्घटनास्थल का संयुक्त निरीक्षण किया।

20 सितंबर को मोहब्बेवाला क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना के बाद किए गए निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने हादसों के संभावित कारणों और मौके की यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। संबंधित विभागों के अधिकारियों को दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों को क्षेत्र में हुई दुर्घटनाओं की विस्तृत एवं तकनीकी जांच करने के साथ सड़क इंजीनियरिंग, ब्लैक स्पॉट, ओवरस्पीडिंग और यातायात नियमों के उल्लंघन समेत सभी पहलुओं का विश्लेषण कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।
साथ ही वाहन चालकों को सावधान करने के लिए क्षेत्र में बड़े साइन बोर्ड लगाने और रंबल स्ट्रिप/ब्रेकर लगाने के निर्देश दिए गए। तैयार कार्ययोजना का तत्काल क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
निरीक्षण के दौरान प्रशासन, NHAI, RTO और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।




