
देहरादून के प्रमुख अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) को आधुनिक ट्रांजिट हब के रूप में विकसित करने की दिशा में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने काम तेज कर दिया है। करीब 10 एकड़ क्षेत्र में 27.50 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे सुदृढ़ीकरण और उच्चीकरण के कार्य अंतिम चरण में हैं।
परियोजना के तहत प्लेटफॉर्म के फर्श, सार्वजनिक शौचालय, प्रतीक्षालय, डोरमेट्री, पेयजल व्यवस्था, लैंडस्केपिंग और ऊर्जा-कुशल विद्युत व्यवस्था को बेहतर किया जा रहा है। दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुविधाओं के विस्तार पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण के दौरान यात्रियों की आवाजाही और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को कहा।
आईएसबीटी परिसर के मॉल को भी आधुनिक स्वरूप देने की तैयारी है। यहां वर्तमान में फिल्मों का प्रदर्शन हो रहा है, जबकि शॉपिंग मॉल और दुकानों के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। इसके अलावा ओला-उबर कैब बूथ, ई-चार्जिंग सुविधा और पहाड़ी शैली के कियोस्क विकसित किए जा रहे हैं। जलभराव की समस्या के समाधान पर भी काम किया गया है।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि आईएसबीटी को स्वच्छ, सुरक्षित, सुविधाजनक और आधुनिक परिवहन केंद्र के रूप में विकसित करना प्राथमिकता है। अधिकारियों के अनुसार, परिसर को भविष्य में प्रतिदिन 2 हजार से अधिक बसों की क्षमता को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जा रहा है।
Tags:
#Dehradun #ISBTDehradun #MDDA #PushkarSinghDhami #Uttarakhand




