सचिवालय में कृषि, पशुपालन, पर्यटन एवं उद्योग विभाग से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान अधिकारियों को सभी महत्वाकांक्षी योजनाओं का व्यापक, प्रभावी एवं समयबद्ध प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए। स्पष्ट किया गया कि किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निर्देश दिए गए कि प्रत्येक विभाग यह सुनिश्चित करे कि योजनाओं से संबंधित संपूर्ण, स्पष्ट एवं व्यावहारिक जानकारी सीधे लाभार्थियों तक पहुँचे, ताकि उन्हें योजनाओं का पारदर्शी और समयबद्ध लाभ मिल सके। साथ ही उच्च स्तरीय बैठकों के कार्यवृत्त निर्धारित समयसीमा के भीतर उन्नति पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए, जिससे प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
अतिसघन बागवानी योजना की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को तय लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। किसानों से संबंधित सभी भुगतान समय पर करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही राज्य में कीवी उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। बैठक में शहद के ऑर्गेनिक सर्टिफिकेशन को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।



