हवाई सर्वेक्षण के बाद खेतों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को नुकसान का आकलन कर जल्द राहत देने के निर्देश

बाजपुर, 9 अक्टूबर। बाजपुर क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे हुई भीषण ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा। ओलावृष्टि की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी से देहरादून लौटते समय अपना रुख बाजपुर की ओर कर दिया। खराब मौसम के बावजूद मुख्यमंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया और बाजपुर पहुंचकर खेतों का स्थलीय निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने प्रभावित किसानों से मुलाकात कर फसलों को हुए नुकसान और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने किसानों को हरसंभव सहायता का आश्वासन देते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है। किसानों के हितों की रक्षा और उन्हें नियमानुसार राहत उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों का तत्काल सर्वेक्षण कर नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राहत संबंधी कार्रवाई में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और प्रभावित किसानों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के लिए समयबद्ध कदम उठाए जाएं।
उन्होंने अधिकारियों को किसानों की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता बरतने और नुकसान के आकलन से लेकर राहत वितरण तक सभी आवश्यक कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर पूरी करने के निर्देश दिए।
#PushkarSinghDhami #Bajpur #Uttarakhand #Farmers #Hailstorm





