शतचंडी महायज्ञ में शामिल हुए सीए राजेश्वर पैन्यूली, बोले— प्रतापनगर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का संस्कृत विश्वविद्यालय खुलवाने का करेंगे प्रयास
146d6670-97e3-4e0e-89de-5aad61524f93

नई टिहरी। प्रतापनगर के ब्राह्मणों की गैरी गांव में आयोजित नौ दिवसीय श्री श्री 1008 श्री शतचंडी महायज्ञ में भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ के सह-संयोजक सीए राजेश्वर पैन्यूली ने सहभागिता की। इसके उपरांत उन्होंने पनियाला गांव में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में भी शामिल होकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की।
धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए सीए राजेश्वर पैन्यूली ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारा, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं। महायज्ञ और धार्मिक अनुष्ठानों से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि का वातावरण बनता है।
भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र से पलायन रोकने और बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए उच्च शिक्षण संस्थान स्थापित करने की मांग उनके समक्ष रखी। इस पर सीए पैन्यूली ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) की तर्ज पर प्रतापनगर क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर के संस्कृत विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित विश्वविद्यालय में आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं के साथ भारतीय संस्कृति, संस्कृत भाषा और नैतिक मूल्यों पर आधारित शिक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को निशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में भी पहल की जाएगी, ताकि क्षेत्र के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए पलायन न करना पड़े।


