विज्ञान धाम पहुंचे विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री, निर्माणाधीन साइंस सिटी का किया स्थलीय निरीक्षण; तय समयसीमा और उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश

देहरादून। विज्ञान, प्रौद्योगिकी, सूचना प्रौद्योगिकी एवं सुराज तथा परिवहन मंत्री ने 25 अगस्त 2026 को उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) स्थित विज्ञान धाम का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन साइंस सिटी, देहरादून का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर साइंस सिटी सहित परिषद की विभिन्न गतिविधियों एवं आगामी योजनाओं की जानकारी भी ली।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि साइंस सिटी का निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर और उच्चतम गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए और सभी कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
युवाओं और विद्यार्थियों के लिए बनेगी आधुनिक विज्ञान की प्रयोगशाला
मंत्री ने कहा कि साइंस सिटी केवल एक भवन या निर्माण परियोजना नहीं है, बल्कि यह उत्तराखंड की नई पीढ़ी और युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने वाला महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। यहां प्रदेश के छात्र-छात्राओं और युवाओं को आधुनिक विज्ञान एवं तकनीक से जुड़ने के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि साइंस सिटी में रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), स्पेस टेक्नोलॉजी, एस्ट्रोनॉमी तथा आधुनिक नवाचार प्रयोगशालाओं जैसी सुविधाओं को विकसित किया जा रहा है। इनका उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखते हुए उन्हें प्रयोग और गतिविधियों के माध्यम से विज्ञान समझने का अवसर देना है।
उन्होंने कहा कि सरकार का जोर Hands-on Learning और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने पर है, ताकि प्रदेश के युवा अनुसंधान, नवाचार, तकनीक और स्वरोजगार के क्षेत्र में नए अवसर पैदा कर सकें।
सूचना प्रौद्योगिकी और परिवहन योजनाओं की दी जानकारी
इस अवसर पर मंत्री ने सूचना प्रौद्योगिकी एवं परिवहन विभाग की विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं और सरकार की जनहितकारी पहलों के बारे में भी जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि तकनीक का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मंत्री ने विज्ञान वाणी 88.8 एफएम के माध्यम से प्रदेश की सभी बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं। उन्होंने विज्ञान वाणी की विज्ञान जनसंचार के क्षेत्र में की जा रही पहल की सराहना करते हुए इसे जनोपयोगी प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि विज्ञान से जुड़ी जानकारी को सरल और प्रभावी तरीके से आम लोगों तक पहुंचाने में ऐसे माध्यम महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उत्तराखंड को विज्ञान और तकनीक का हब बनाने पर जोर
समीक्षा बैठक में मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार उत्तराखंड को देश के प्रमुख विज्ञान, प्रौद्योगिकी, नवाचार और सूचना प्रौद्योगिकी के हब के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य में युवाओं की प्रतिभा और क्षमता को सही दिशा देने के लिए आधुनिक तकनीक, शोध और नवाचार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। साइंस सिटी इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो आने वाले समय में प्रदेश के विद्यार्थियों, शोधार्थियों और नवाचार से जुड़े युवाओं के लिए उपयोगी मंच के रूप में विकसित होगी।
यूकॉस्ट की गतिविधियों और आगामी योजनाओं की ली जानकारी
इस अवसर पर यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. (डॉ.) दुर्गेश पंत ने मंत्री को परिषद के विभिन्न संभागों, वर्तमान गतिविधियों तथा आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में यूकॉस्ट द्वारा किए जा रहे कार्यों और भविष्य की योजनाओं से भी अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान यूकॉस्ट के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



