
Shri Mahesh Joshi
देहरादून। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर उत्तराखंड में कबड्डी को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होने जा रही है। नेपाल की कबड्डी टीम के दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे के दौरान 29 अगस्त 2026 को नेपाल और उत्तराखंड की टीमों के बीच अंतरराष्ट्रीय मैत्रीपूर्ण मुकाबला खेला जाएगा।
उत्तराखंड कबड्डी संघ के अध्यक्ष महेश जोशी ने बताया कि नेपाल की टीम के उत्तराखंड प्रवास के दौरान राज्य की टीम के साथ मैत्रीपूर्ण मैच कराने को लेकर चर्चा हुई थी, जिसके बाद मुकाबले का आयोजन तय किया गया। मैच 29 अगस्त को हरिद्वार स्थित दिव्य प्रेम मिशन, चंडीघाट के इंडोर हॉल में शाम 5 से 6 बजे तक खेला जाएगा।
महेश जोशी ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस पर होने वाला यह मुकाबला उत्तराखंड के खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की टीम के सामने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल परखने का महत्वपूर्ण अवसर है। खेलप्रेमियों और खिलाड़ियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मैच का समय शाम 5 बजे निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि नेपाल की कबड्डी टीम 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक जापान के नागोया शहर में होने वाले एशियाई खेलों में हिस्सा लेगी। ऐसे में उत्तराखंड की टीम के खिलाफ यह मुकाबला नेपाल के खिलाड़ियों के लिए भी आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता से पहले अभ्यास का उपयोगी अवसर साबित होगा।
उत्तराखंड कबड्डी संघ के महासचिव चेतन जोशी ने कहा कि इस मुकाबले से उत्तराखंड के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय टीम के साथ प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में खेलने का अनुभव मिलेगा। वहीं, नेपाल की टीम को भी विदेशी धरती पर दर्शकों के बीच खेलने का अवसर प्राप्त होगा।
उन्होंने कहा कि कबड्डी जैसे पारंपरिक और लोकप्रिय खेल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने के लिए ऐसे मैत्रीपूर्ण मुकाबले महत्वपूर्ण हैं। इससे खिलाड़ियों के बीच खेल भावना, आपसी सौहार्द और अनुभव का आदान-प्रदान बढ़ता है तथा युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
उत्तराखंड कबड्डी संघ ने प्रदेश के खेलप्रेमियों, खिलाड़ियों और कबड्डी से जुड़े युवाओं से अपील की है कि वे 29 अगस्त को चंडीघाट पहुंचकर दोनों टीमों का उत्साहवर्धन करें और राष्ट्रीय खेल दिवस को खेल भावना के साथ मनाएं।
Tags:
#NationalSportsDay #Kabaddi #UttarakhandKabaddi #NepalKabaddi #UttarakhandNews #Haridwar #Chandighat #SportsNews #KabaddiMatch #FriendshipMatch #UttarakhandSports #Nepal #SportsDay2026



