देहरादून। विश्व पर्यटन दिवस पर पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष विश्व पर्यटन दिवस की थीम “डिजिटल एजेंडा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से पर्यटन का नव-निर्माण” है और प्रदेश में इसी दिशा में काम किया जा रहा है। राज्य में 6 हजार से अधिक पंजीकृत होम स्टे संचालित हैं, जिससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।
महाराज ने बताया कि प्रदेश के 100 ट्रैकिंग मार्गों की GPS और GIS मैपिंग की जा रही है। इसके आधार पर मोबाइल ट्रैकिंग नेविगेशन ऐप और ‘द ट्रेक्स ऑफ उत्तराखंड’ कॉफी टेबल बुक तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि साहसिक पर्यटन उत्तराखंड की नई पहचान बन रहा है और सीमांत गांवों को विश्वस्तरीय पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने के प्रयास जारी हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार उत्तराखंड को बारहमासी पर्यटन गंतव्य बनाने के लिए शीतकालीन चारधाम यात्रा, स्नो ट्रैकिंग, एस्ट्रो टूरिज्म और वन्यजीव पर्यटन को बढ़ावा दे रही है। साथ ही धार्मिक पर्यटन के तहत विभिन्न आध्यात्मिक सर्किट विकसित किए जा रहे हैं।
#Uttarakhand #Tourism #SatpalMaharaj #WorldTourismDay #Dehradun




