
देहरादून। शराब की दुकानों पर ओवररेटिंग और अन्य अनियमितताओं की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर जिला प्रशासन ने देर रात व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। अलग-अलग मजिस्ट्रेट टीमों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में शराब की दुकानों पर औचक छापेमारी की।
अभियान के दौरान ओवररेटिंग, स्टॉक रजिस्टर अपडेट न होना, अनधिकृत सेल्समैन, रेट लिस्ट और आबकारी विभाग का शिकायत नंबर प्रदर्शित न होने जैसी अनियमितताएं सामने आईं।
सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी और एसडीएम सदर अपूर्वा सिंह की टीम ने माजरा, पटेलनगर और आसपास के क्षेत्रों में जांच की। आईएसबीटी स्थित शराब की दुकान पर ओवररेटिंग की शिकायत सही पाई गई। जांच में दुकान पर रखी 42 शराब की बोतलों के बैच नंबर उपलब्ध अभिलेखों से मेल नहीं खाए। यहां अनधिकृत सेल्समैन भी मिले और निर्धारित रेट लिस्ट चस्पा नहीं थी।
वहीं, एसडीएम मुख्यालय रविंद्र ज्वांठा के नेतृत्व में प्रेमनगर क्षेत्र में हुई जांच के दौरान शराब की दुकान का स्टॉक रजिस्टर अपडेट नहीं मिला और अनधिकृत सेल्समैन पाए गए।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट राहुल आनंद और हर्षिता सिंह की टीम ने जाखन व राजपुर रोड क्षेत्र में छापेमारी की। कई दुकानों पर स्टॉक रजिस्टर अपडेट नहीं था। रेट लिस्ट और शिकायत नंबर प्रदर्शित नहीं मिले, जबकि अनधिकृत सेल्समैन तथा ओवररेटिंग के मामले भी सामने आए।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने स्पष्ट किया कि निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर शराब की बिक्री, अनधिकृत व्यक्तियों द्वारा बिक्री और अभिलेखों में अनियमितता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित औचक निरीक्षण करने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
Tags:
#Dehradun #Uttarakhand #DMDehradun #LiquorShops #Overrating




