देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून से वन्यजीव सप्ताह-2026 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित किया और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वन्यजीवों का संरक्षण उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं का अभिन्न हिस्सा रहा है। राज्य सरकार वन्यजीवों की सुरक्षा, उनके प्राकृतिक आवासों के संरक्षण तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने, वन्यजीवों के प्राकृतिक गलियारों को सुरक्षित रखने और इको टूरिज्म को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि प्रकृति और वन्यजीवों का संरक्षण सुनिश्चित करने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी सृजित हों।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल और विधायक सविता कपूर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।




