देहरादून। श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के छाती एवं श्वास रोग विभाग में इम्पल्स ऑसिलोमेट्री और बॉडी बॉक्स जैसी अत्याधुनिक मशीनों की सुविधा शुरू की गई है। इन तकनीकों से फेफड़ों की कार्यक्षमता का अधिक सूक्ष्म और वैज्ञानिक परीक्षण किया जा सकेगा।
इम्पल्स ऑसिलोमेट्री के जरिए 6 वर्ष से कम उम्र के बच्चों, बुजुर्गों और ऐसे मरीजों की भी जांच संभव होगी, जो सामान्य स्पाइरोमेट्री टेस्ट नहीं करा पाते। इससे अस्थमा, सीओपीडी, एलर्जी और स्मॉल एयरवे डिजीज जैसी सांस संबंधी बीमारियों की पहचान में मदद मिलेगी।
विभागाध्यक्ष डॉ. जगदीश रावत ने बताया कि बॉडी बॉक्स मशीन फेफड़ों की कुल क्षमता, अवशिष्ट वायु और वायु प्रवाह का विस्तृत आकलन करती है। दोनों सुविधाओं के शुरू होने से राज्य के मरीजों को स्थानीय स्तर पर उन्नत फेफड़ा जांच की सुविधा मिल सकेगी।
गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में श्री गुरु राम राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेज के प्राचार्य डॉ. उत्कर्ष शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनिल मलिक, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीरेन्द्र वर्मा और विभागाध्यक्ष डॉ. जगदीश रावत ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर सेवाओं का शुभारंभ किया।




