एमडी अजय कुमार सिंह ने दोनों महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर उनके बताए मार्ग पर चलने का किया आह्वान

यूजेवीएन लिमिटेड में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई
देहरादून। यूजेवीएन लिमिटेड द्वारा शुक्रवार, 2 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर निगम के मुख्यालय ‘उज्ज्वल’ सहित प्रदेशभर में स्थित कार्यालयों, परियोजनाओं एवं विद्युत गृहों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
यूजेवीएन लिमिटेड के मुख्यालय ‘उज्ज्वल’ में आयोजित कार्यक्रम में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर दोनों महापुरुषों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इस दौरान उनके राष्ट्रहित, देशभक्ति, सादगी, सत्य, अहिंसा एवं कर्तव्यनिष्ठा से जुड़े योगदान को याद किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।
इस अवसर पर यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री अजय कुमार सिंह ने दोनों महापुरुषों के जीवन एवं उनके विचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री का जीवन आज के समय में भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणादायी है। दोनों महापुरुषों ने अपने जीवन में सादगी, ईमानदारी, अनुशासन, सत्य, अहिंसा एवं राष्ट्रसेवा के मूल्यों को सर्वोच्च स्थान दिया।
श्री अजय कुमार सिंह ने महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके विचार विश्व शांति, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण के लिए आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से दोनों महापुरुषों द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने तथा अपने कार्यों में ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रहित की भावना को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को अपने जीवन एवं कार्य व्यवहार में अपनाने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर निदेशक परिचालन श्री जी.एस. बुदियाल, अधिशासी निदेशक श्री सुधाकर बडोनी एवं श्री आशिष कुमार जैन, महाप्रबंधक श्री संजीव लोहनी, श्री भरत भारद्वाज, श्री महकार सिंह एवं श्री एस.के. बौंसियाल सहित यूजेवीएन लिमिटेड के बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अधिशासी अभियंता श्री राकेश कुमार चौहान द्वारा किया गया।
#UJVNL #GandhiJayanti #LalBahadurShastri
#Uttarakhand #Dehradun




