
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया पर साझा की गई पोस्ट में बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से शुरू किए गए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत हरियाणा से उत्तराखंड भ्रमण पर आए युवा क्रिएटर्स ने शासकीय आवास पर उनसे भेंट की और अपने अनुभव साझा किए।
मुख्यमंत्री के अनुसार, उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों के भ्रमण के दौरान युवाओं ने प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक जीवनशैली और विकास कार्यों को करीब से देखा।
युवाओं ने सड़क एवं डिजिटल कनेक्टिविटी, पर्यटन, होम-स्टे, सौर ऊर्जा और सीमांत क्षेत्रों में हो रहे विकास कार्यों को भी देखा। मुख्यमंत्री ने अपनी पोस्ट में कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत के साथ विकास का यह स्वरूप युवाओं के लिए विशेष अनुभव रहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां के लोगों की सरलता, आत्मीयता और अपनी संस्कृति के प्रति जुड़ाव ने भी युवाओं को प्रभावित किया।
उन्होंने कहा कि युवा क्रिएटर्स उत्तराखंड से जुड़े अपने अनुभवों को सोशल मीडिया के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाकर प्रदेश की संस्कृति, पर्यटन और विकास यात्रा को व्यापक स्तर पर सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।




