
कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण से विभागीय व्यवस्था को मजबूत बनाने में निभाई अहम भूमिका, अधिकारियों और कर्मचारियों ने साझा किए अनुभव
देहरादून। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में करीब तीन दशक तक सेवाएं देने के बाद चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी रईस अहमद सेवानिवृत्त हो गए। उनके सम्मान में विभाग की ओर से विदाई समारोह आयोजित किया गया, जिसमें महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर भावभीनी विदाई दी और उनके लंबे सेवाकाल की सराहना की।
इस अवसर पर महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि किसी भी विभाग की कार्यप्रणाली को सुचारु बनाए रखने में प्रत्येक कर्मचारी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। रईस अहमद ने लगभग 30 वर्षों तक पूरी निष्ठा, लगन और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उनका सेवाकाल अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणादायी है।
उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा से सेवानिवृत्ति जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, लेकिन कर्मचारी का अनुभव, व्यवहार और विभाग के प्रति योगदान हमेशा याद रखा जाता है। उन्होंने रईस अहमद के स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में अपर निदेशक आशीष त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक नितिन उपाध्याय, उप निदेशक मनोज श्रीवास्तव, रवि बिजारनिया, बद्री चंद सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और रईस अहमद के परिजन मौजूद रहे। इस दौरान सभी ने उनके साथ बिताए कार्यकाल के अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम में सूचना कर्मचारी संघ के अध्यक्ष कैलाश रावत, उपाध्यक्ष प्रशांत रावत, संजय कुमार, महामंत्री अंकित चौहान, कोषाध्यक्ष राकेश कुमार धीमान और संयुक्त मंत्री पारूल चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
समारोह का माहौल भावुक और आत्मीय रहा। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने रईस अहमद को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।
Tags: #Dehradun #UttarakhandInformationDepartment #BanshidharTiwari #RetirementCeremony #UttarakhandNews




