देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड विश्वविद्यालय (डीबीयूयू) में दो दिवसीय पुस्तक मेले ‘बुकवर्स 2026’ का शुभारंभ हुआ। साहित्य, ज्ञान, शोध और अकादमिक उत्कृष्टता को समर्पित इस आयोजन में विभिन्न विषयों की पुस्तकों का प्रदर्शन किया गया। उद्घाटन समारोह में सेंट्रल जीएसटी ऑडिट के आयुक्त नितिन वापा (आईआरएस) मुख्य अतिथि तथा राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के निदेशक संजय गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अजय कुमार, प्रो-वाइस चांसलर प्रो. डॉ. आनंद शुक्ला, प्रो. डॉ. आरके त्रिपाठी और प्रो. डॉ. रितिका मेहरा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण विश्वविद्यालय के आंतरिक लेखकों द्वारा सामूहिक अकादमिक प्रयासों से तैयार की गई पुस्तकों का अनावरण रहा। इस अवसर पर डॉ. राहुल भट्ट की पुस्तक ‘AI-Driven Career Counselling: Transforming Assessment into Success’ का भी औपचारिक विमोचन किया गया। विश्वविद्यालय के अन्य प्रकाशनों में डीन डॉ. चंद्रमौली धौंडियाल, सुरेंद्र सिंह बिष्ट और शुभांग वालिया का अकादमिक योगदान भी शामिल रहा।
पुस्तक मेले में दिल्ली, राजस्थान और महाराष्ट्र के प्रकाशकों ने भाग लिया। विभिन्न विषयों पर आधारित पुस्तकों और शैक्षणिक प्रकाशनों ने विद्यार्थियों को अध्ययन एवं शोध से जुड़ी नई जानकारियों से रूबरू होने का अवसर दिया। विद्यार्थियों ने पुस्तक स्टॉलों पर उत्साहपूर्वक पहुंचकर अपनी रुचि के अनुसार पुस्तकों का अवलोकन किया।
इस आयोजन का संचालन लाइब्रेरी कमेटी की चेयरपर्सन प्रो. डॉ. प्रीति हांडा के नेतृत्व में किया गया। इसमें हेड लाइब्रेरियन रेखा ठाकुर और लाइब्रेरी कमेटी की टीम का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के अध्यक्ष संजय बंसल और अमन बंसल के मार्गदर्शन में किया गया।
Tags: #DBUU #Bookverse2026 #Dehradun #BookFair #AcademicExcellence #Research #Education #Uttarakhand




