
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर सचिवालय में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश की आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि आवासीय भवनों में दुर्घटनावश आग लगने की घटनाओं को भी आपदा माना जाएगा और प्रभावितों को राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ) के मानकों के अनुसार राहत राशि दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि भूतपूर्व सैनिकों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, पुलिस और अन्य वर्दीधारी सेवाओं के सेवानिवृत्त कार्मिकों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनके माध्यम से आमजन को आपदाओं से बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा। वहीं, अधिक छात्र संख्या वाले शिक्षण संस्थानों में प्रत्येक एक हजार विद्यार्थियों पर एक शिक्षक को आपदा मित्र अथवा आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा।
इसके अलावा आपदाओं और सड़क दुर्घटनाओं के दौरान निःस्वार्थ भाव से राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करने वाले लोगों को सरकार पुरस्कृत करेगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (आईआरएस) पुस्तिका और उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन योजना 2026-27 का विमोचन भी किया।
सिलक्यारा अभियान को बताया साहस और समन्वय की मिसाल
मुख्यमंत्री ने 12 नवंबर 2023 को उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों के बचाव अभियान को साहस, धैर्य और बेहतर समन्वय का ऐतिहासिक उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार की एजेंसियों ने मिलकर अभियान चलाया। लगभग 17 दिनों के प्रयासों के बाद 28 नवंबर 2023 को सभी 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड की भौगोलिक परिस्थितियों और भूकंप की संवेदनशीलता को देखते हुए नियमित मॉक ड्रिल आयोजित करने पर भी जोर दिया।
प्रदेश में 133 क्विक रिस्पॉन्स टीमें गठित
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि आपदा प्रबंधन में पूर्व तैयारी, त्वरित प्रतिक्रिया और आपदा के बाद पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने आधुनिक तकनीक, स्थानीय समुदायों की सहभागिता और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रदेश में आपदा प्रबंधन की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 133 क्विक रिस्पॉन्स टीमें (क्यूआरटी) गठित की गई हैं, जिनमें 2,250 सदस्य शामिल हैं। भूकंप की पूर्व चेतावनी के लिए 169 सेंसर और 112 सायरन स्थापित किए गए हैं।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, खजान दास, प्रदीप बत्रा, भरत सिंह चौधरी सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
#Uttarakhand #PushkarSinghDhami #DisasterManagement #SilkyaraRescue #Dehradun



