बीएड विद्यार्थियों के लिए विशेष कार्यशाला आयोजित, जलवायु परिवर्तन और वायु प्रदूषण के प्रति किया जागरूक
देहरादून। स्वच्छ एवं हरित देहरादून के निर्माण के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा पर्यावरण संरक्षण को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में नवोदय कॉलेज ऑफ एजुकेशन के बीएड विद्यार्थियों के लिए विशेष पर्यावरण जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में विद्यार्थियों को जलवायु परिवर्तन, वैश्विक तापमान में वृद्धि, वायु प्रदूषण और राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए सामूहिक भागीदारी की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
विद्यार्थियों को बताया गया कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। शिक्षक नई पीढ़ी को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनाने और समाज में जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य भावी शिक्षकों को पर्यावरणीय चुनौतियों के प्रति जागरूक बनाना है, ताकि वे अपने शिक्षण कार्य के माध्यम से विद्यार्थियों और समाज तक स्वच्छता, हरियाली एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश पहुंचा सकें।
कार्यशाला का समापन डिजिटल प्रश्नोत्तरी के साथ हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। नगर निगम की इस पहल को युवाओं की पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी बढ़ाने और स्वच्छ, स्वस्थ एवं सतत देहरादून के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
#Dehradun # नगरनिगमदेहरादून #EnvironmentProtection #CleanAir #GreenDehradun




