
देहरादून, 5 सितंबर। जिला प्रशासन की टीम ने शनिवार को मदरसों के निरीक्षण अभियान के तहत आजाद कॉलोनी और मेहूंवाला माफी क्षेत्र में जांच की। आजाद कॉलोनी स्थित मदरसा जामिया-तुस-सलाम अल-इस्लामिया बिना पंजीकरण संचालित मिला। यहां करीब 125 बच्चे अध्ययनरत पाए गए। संचालक मौके पर मौजूद नहीं थे और पंजीकरण संबंधी दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिसके बाद प्रशासन ने मदरसे को सील कर दिया।
वहीं आजाद कॉलोनी के मदरसा दार-ए-अरकम में बच्चे अध्ययनरत नहीं मिले और शिक्षण कार्य भी संचालित नहीं हो रहा था। पंजीकरण प्रमाण-पत्र प्रस्तुत न किए जाने पर संचालक से शपथ-पत्र लिया गया कि बिना विधिवत पंजीकरण मदरसा संचालित नहीं किया जाएगा।
इसके अलावा मेहूंवाला माफी स्थित मदरसा दारुल उलूम रहीमिया का भी निरीक्षण किया गया। यहां भी मदरसा बंद मिला और कोई बच्चा मौजूद नहीं था। संचालक से बिना पंजीकरण संचालन न करने का लिखित शपथ-पत्र लिया गया।
निरीक्षण टीम में उप जिलाधिकारी सदर, खंड शिक्षा अधिकारी रायपुर और जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी शामिल रहे। जिला प्रशासन ने कहा कि निर्धारित मानकों और नियमों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
#Dehradun #Uttarakhand #Madrasa #DistrictAdministration #Inspection #DehradunNews #UttarakhandNews




