उत्तरकाशी में करोड़ों की परियोजनाएं जांच के दायरे में, सौर-ओसला मार्ग पर गुणवत्ता संबंधी शिकायतों के बाद परियोजना प्रबंधक निलंबित
उत्तराखंड में BRIDCUL (ब्रिडकुल) की ओर से कराए जा रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, कार्यों की प्रगति और परियोजनाओं की लागत को लेकर सवाल उठने लगे हैं। कहीं पुल के स्पान की लंबाई 36 मीटर से बढ़ाकर 42 मीटर और फिर 60 मीटर किए जाने का मामला सामने आया है, तो कहीं निर्माण कार्य में धीमी प्रगति के चलते ठेका ही निरस्त करना पड़ा है।
वहीं, सौर-ओसला क्षेत्र में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच के बाद संबंधित परियोजना प्रबंधक को निलंबित किए जाने का मामला भी सामने आया है। उत्तरकाशी में करोड़ों रुपये की विभिन्न परियोजनाओं की मूल लागत, संशोधित डीपीआर और वास्तविक भुगतान का हिसाब भी जांच के दायरे में है।
इन मामलों ने निर्माण कार्यों की निगरानी, तकनीकी स्वीकृति, गुणवत्ता परीक्षण और वित्तीय पारदर्शिता को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।




