नदियों में कूड़ा डालने वालों पर होगी FIR, अनधिकृत डंपिंग पर भी सख्ती
देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शहर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। शनिवार को आयोजित बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि कूड़ा निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए।
डीएम ने सभी शहरी स्थानीय निकायों को अपने क्षेत्रों में डंपिंग यार्ड का नियमित निरीक्षण करने तथा अनधिकृत रूप से कूड़ा डंप किए जाने वाले स्थानों को तत्काल चिन्हित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लापरवाही मिलने पर संबंधित एजेंसी की जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की जाए।
नदी में कूड़ा फेंका तो होगी FIR
जिलाधिकारी ने नदी किनारे और नदियों में कूड़ा डाले जाने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नदियों में कूड़ा फेंकते हुए पकड़े जाने वालों के खिलाफ FIR दर्ज कराई जाए। संवेदनशील स्थानों पर जाली लगाकर निगरानी व्यवस्था मजबूत करने को भी कहा गया।
उन्होंने सेप्टिक टैंकरों की नियमित निगरानी और उनसे निकलने वाले मल का निर्धारित STP के माध्यम से उपचार कराने के बाद ही निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बल्क वेस्ट जनरेटर होंगे चिन्हित
डीएम ने शहरी क्षेत्रों में बल्क वेस्ट जनरेटर की पहचान कर वहां गीले और सूखे कचरे का अलग-अलग सेग्रीगेशन सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने निकाय अधिकारियों को कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग करने और निर्धारित मानकों के अनुरूप निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में उप जिलाधिकारी अपर्णा ढौंडियाल ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रकोष्ठ का गठन किया गया है। सभी संबंधित निकायों के जनप्रतिनिधियों और पार्षदों को न्यायालय के आदेशों की प्रति उपलब्ध कराई गई है।
उन्होंने बताया कि बल्क वेस्ट जनरेटर को चिन्हित करने की कार्रवाई जारी है। निकायों को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों के साथ डंपिंग साइटों का संयुक्त निरीक्षण करने और कूड़ा प्रबंधन कार्यों के फोटोग्राफिक साक्ष्य हर माह निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा, उप जिलाधिकारी अपर्णा ढौंडियाल समेत विभिन्न उप जिलाधिकारी, नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों के अधिकारी मौजूद रहे।




