देहरादून में भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ उत्तराखंड (BSPS) एवं FWA सोसाइटी उत्तराखंड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित “मध्य हिमालय उद्यान विकास एवं आर्थिकी पर एक दिवसीय कार्यशाला-2026” में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यशाला के दौरान कृषि, उद्यान एवं आर्थिकी से जुड़े विशेषज्ञों, प्रबुद्धजनों और पत्रकारों के साथ मध्य हिमालयी क्षेत्रों में उद्यान विकास की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सौरभ बहुगुणा ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में बागवानी स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के साथ-साथ रिवर्स माइग्रेशन (रैबार) को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार आधुनिक तकनीकों और नवाचार के माध्यम से बागवानी को रोजगार एवं स्वरोजगार का बड़ा माध्यम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उद्यान क्षेत्र के विकास से किसानों की आय में वृद्धि होगी और पहाड़ों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
कार्यशाला में वक्ताओं ने मध्य हिमालयी क्षेत्रों की जलवायु और भौगोलिक परिस्थितियों को बागवानी के लिए अनुकूल बताते हुए इस क्षेत्र में योजनाबद्ध विकास की आवश्यकता पर जोर दिया।


