
देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की ओर से राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ के सहयोग से तंबाकू जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लेकर तंबाकू से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
एसबीएएस ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में ‘Tobacco Free Youth – Leader for Tomorrow’ विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता भी हुई। विद्यार्थियों ने रचनात्मक पोस्टरों के जरिए तंबाकू मुक्त समाज का संदेश दिया। प्रतियोगिता में गुंजन मेहंदीरेत्ता, शिक्षा और जेरूशा प्रधान विजेता रहे।
मुख्य अतिथि सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा ने विद्यार्थियों को तंबाकू सेवन के गंभीर स्वास्थ्य दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए युवाओं से स्वयं तंबाकू से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. अनुराधा प्रधान ने नशे की लत, इसके दुष्परिणाम और बचाव के उपाय बताए।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से एंटी-टोबैको प्रतिज्ञा लेकर तंबाकू मुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।




