देहरादून, 5 सितंबर। उत्तराखण्ड जैविक उत्पाद परिषद के कार्यालय सभागार में क्रेता-विक्रेता बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में चंडीगढ़, महाराष्ट्र, आगरा, नोएडा, बेंगलुरु, नई दिल्ली सहित उत्तराखण्ड के विभिन्न जनपदों से आए 30 क्रेता फर्मों ने प्रतिभाग किया।
बैठक में निशान्त एरोमास, जस्ट ऑर्गेनिक, एडवांस इन्स्पेक्ट प्रा. लि., उमा एंटरप्राइजेज, हिमालय टू होम, शिखर फूड्स, उत्तराखण्ड कोऑपरेटिव फेडरेशन, कुदरत हाट, के.एल.ओ. ग्रुप और हिमालय ऑर्गेनिक प्रोडक्ट्स सहित विभिन्न क्रेता फर्मों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
परिषद के प्रबन्ध निदेशक नवीन बरफाल ने खरीफ उत्पादों की मार्केटिंग, बाजार में उपलब्धता और प्रभावी विपणन व्यवस्था को लेकर क्रेताओं एवं विक्रेताओं के साथ चर्चा की। इस दौरान विक्रेताओं की समस्याओं और उनके समाधान को लेकर सुझाव भी लिए गए।
बैठक में क्रेता-विक्रेताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, बाजार की आवश्यकताओं को समझने तथा जैविक उत्पादों के प्रभावी विपणन पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही परिषद को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ऐसे प्रयासों पर चर्चा हुई, जिससे विक्रेताओं को अपने उत्पादों के विपणन से जुड़ी सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध हो सकें।
बैठक में परिषद के प्रबन्ध निदेशक नवीन बरफाल सहित सभी पदाधिकारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।




