प्रतापनगर की जलपुर नदी समेत अन्य प्राकृतिक जलस्रोतों को पुनर्जीवित करने पर दिया जोर

नई टिहरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में टिहरी गढ़वाल के चंबा के निकट हेंवल नदी के पुनर्जीवन के प्रयासों का उल्लेख होने से उत्तराखंड की पर्यावरण संरक्षण मुहिम को राष्ट्रीय पहचान मिली है। भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ के सह-संयोजक सीए राजेश्वर पैन्यूली ने इसे पूरे टिहरी गढ़वाल जिले के लिए गौरव का क्षण बताते हुए प्राकृतिक जलस्रोतों के संरक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर राजेश्वर पैन्यूली ने चंबा में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेन्द्र के बौद्धिक सत्र में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने देश और समाज से जुड़े विभिन्न विषयों पर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।
पैन्यूली ने कहा कि हेंवल नदी के पुनर्जीवन के प्रयासों को प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में स्थान मिलना पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक है। यह उदाहरण बताता है कि स्थानीय स्तर पर जनभागीदारी से किए गए पर्यावरण संरक्षण के प्रयास व्यापक पहचान बना सकते हैं।
उन्होंने कहा कि इसी भावना के साथ प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र की जलपुर नदी सहित अन्य प्राकृतिक जलस्रोतों को पुनर्जीवित करने की दिशा में भी प्रयास किए जाने चाहिए। इसके लिए स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ वर्षाजल संरक्षण, जलस्रोतों के संवर्धन और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।
सीए राजेश्वर पैन्यूली के अनुसार, प्राकृतिक जलस्रोतों का संरक्षण केवल पर्यावरण से जुड़ा विषय नहीं है, बल्कि यह भविष्य की जल सुरक्षा से भी सीधे तौर पर जुड़ा है। नदियों और जलधाराओं को पुनर्जीवित करने के लिए सामूहिक प्रयासों की जरूरत है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को भी पर्याप्त जल उपलब्ध हो सके।
उन्होंने हेंवल नदी के पुनर्जीवन प्रयासों को उत्तराखंड के अन्य क्षेत्रों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि स्थानीय समुदायों की सक्रिय भागीदारी से जल संरक्षण की मुहिम को और प्रभावी बनाया जा सकता है।




