कुंवावाला में मुख्यमंत्री ने सुना पीएम मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 137वां संस्करण, युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कुंवावाला, देहरादून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 137वें संस्करण को सुना। इस दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और स्थानीय लोग भी कार्यक्रम से जुड़े।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए लगातार प्रेरित कर रहा है। यह कार्यक्रम समाज के अलग-अलग क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वाले लोगों, नवाचारों और जनभागीदारी के प्रयासों को देश के सामने लाने का प्रभावी मंच भी बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ के संकल्प को जन आंदोलन बनाने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और नशामुक्त युवा ही देश के मजबूत भविष्य की आधारशिला हैं। प्रधानमंत्री के इस आह्वान से युवाओं में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने को नई ऊर्जा मिलेगी।
सीएम धामी ने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री देश की युवा पीढ़ी को भारत की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली इतिहास और विरासत से जोड़ने का भी प्रयास कर रहे हैं। देश के इतिहास और विरासत को नई पीढ़ी तक सरल और रोचक तरीके से पहुंचाने वाले प्रयास युवाओं में अपनी
स्कृति और राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ‘मन की बात’ के जरिए देश के अलग-अलग हिस्सों में आम नागरिकों द्वारा किए जा रहे असाधारण कार्यों और सकारात्मक पहलों को राष्ट्रीय पहचान दिला रहे हैं। इससे अन्य लोगों को भी अपने क्षेत्र में नए प्रयास करने और समाज व राष्ट्र के विकास में योगदान देने की प्रेरणा मिलती है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं से प्रधानमंत्री के संदेशों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग समाज व राष्ट्र के निर्माण में करना चाहिए। सामूहिक प्रयासों से ही नशामुक्त, स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, मदन कौशिक, भरत चौधरी समेत अन्य जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।



