रॉक स्टोन में अनाधिकृत निर्माण ध्वस्त, एमडीडीए ने साफ कहा—नियमों से खिलवाड़ करने वालों को नहीं मिलेगी छूट

देहरादून, 7 सितंबर 2026। मसूरी के अपर माल रोड स्थित रॉक स्टोन में अनाधिकृत निर्माण के खिलाफ मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अनाधिकृत निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
एमडीडीए के अनुसार संजय मेहरोत्रा और राजीव मेहरोत्रा द्वारा किए गए अनाधिकृत निर्माण के संबंध में प्राधिकरण में वाद दायर किया गया था। सुनवाई के दौरान संबंधित पक्ष को अपना पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर दिया गया। प्रस्तुत जवाब का परीक्षण करने के बाद उसे संतोषजनक नहीं पाया गया, जिसके बाद ध्वस्तीकरण के आदेश पर कार्रवाई की गई।
मसूरी जैसे संवेदनशील क्षेत्र में नियमों पर सख्ती
प्राधिकरण ने कहा कि मसूरी की भौगोलिक और पर्यावरणीय संवेदनशीलता को देखते हुए अनियोजित एवं अनाधिकृत निर्माण गंभीर विषय है। बिना अनुमति अथवा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किए गए निर्माण को किसी भी स्थिति में बढ़ावा नहीं दिया जाएगा।
कानूनी प्रक्रिया के बाद हुई कार्रवाई
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण प्रत्येक मामले में निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए कार्रवाई करता है। रॉक स्टोन प्रकरण में भी संबंधित पक्ष को सुनवाई का पूरा अवसर दिया गया और जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर नियमानुसार ध्वस्तीकरण किया गया।
उन्होंने कहा कि देहरादून और मसूरी में नियोजित एवं नियमबद्ध विकास प्राधिकरण की प्राथमिकता है। जहां भी निर्माण नियमों का उल्लंघन सामने आएगा, वहां नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
नियम विरुद्ध निर्माण पर कार्रवाई रहेगी जारी
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि बिना स्वीकृति या नियमों के विपरीत किए जा रहे निर्माण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने निर्माणकर्ताओं से अपील की कि निर्माण शुरू करने से पहले सभी आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त करें और स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप ही निर्माण करें।
#MDDA #Mussoorie #Dehradun #IllegalConstruction #MDDAAction #MussoorieNews #UttarakhandNews




