
प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनी धर्मपत्नी गीता धामी के साथ करवाचौथ का पावन पर्व पारंपरिक रीति-रिवाजों और हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को करवाचौथ की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि करवाचौथ भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों, अटूट विश्वास, प्रेम और समर्पण का प्रतीक है। भारतीय परंपराओं में ऐसे पर्व परिवारों को एक सूत्र में बांधने के साथ ही आपसी प्रेम, सद्भाव और विश्वास को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि त्योहार हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और पारिवारिक रिश्तों की अहमियत को बनाए रखने का संदेश देते हैं। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रदेश के सभी परिवारों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।




