
देहरादून, 02 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में ‘देवभूमि परिवार पोर्टल’ का शुभारंभ और ‘विकसित उत्तराखंड विजन-2047’ का विमोचन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि परिवार पोर्टल से सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। पोर्टल पर पंजीकरण के बाद प्रत्येक परिवार को विशिष्ट देवभूमि परिवार आईडी दी जाएगी, जिससे बार-बार दस्तावेज जमा करने की परेशानी कम होगी।
उन्होंने कहा कि विकसित उत्तराखंड विजन-2047 प्रदेश के दीर्घकालिक विकास की दिशा तय करेगा। इसमें लगभग 440 संकेतकों के आधार पर विभिन्न क्षेत्रों के विकास लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। वर्ष 2047 तक राज्य की अर्थव्यवस्था को लगभग 28 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प में उत्तराखंड महत्वपूर्ण योगदान देगा। राज्य का विकास प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, खजान दास, विधायक सविता कपूर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
#PushkarSinghDhami #DevbhoomiParivarPortal #ViksitUttarakhand2047 #UttarakhandNews #DehradunNews




