
देहरादून, 02 नवंबर। मसूरी विधानसभा क्षेत्र के सालावाला में ₹5.41 करोड़ की लागत से 20 मीटर लंबे डबल लेन आरसीसी गर्डर पुल का निर्माण किया जाएगा। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को न्यू कैंट रोड स्थित सालावाला पुल के डाउनस्ट्रीम में राज्य योजना वर्ष 2026-27 के अंतर्गत प्रस्तावित पुल निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि पुल के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन सुगम और सुरक्षित होगा। इससे स्थानीय निवासियों सहित यहां से गुजरने वाले लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनसुविधाओं के विस्तार और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, पुल का निर्माण आगामी आठ माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। कैबिनेट मंत्री ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, पार्षद भूपेंद्र कठैत, पार्षद मोहन बहुगुणा, रोशन नेगी, रमेश प्रधान, राकेश कुमार, आनंद गुसाई सहित क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
Tags: Ganesh Joshi, Dehradun News, Mussoorie Assembly, Salawala Bridge, Uttarakhand News
#GaneshJoshi #DehradunNews #UttarakhandNews #InfrastructureDevelopment #SalawalaBridge




