
चन्द्रलोक बस्ती में सुरक्षा दीवार और राधाकृष्ण मंदिर में बनेगा टिन शेड, अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समय पर काम पूरा करने के निर्देश
देहरादून। मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजपुर वार्ड की चन्द्रलोक बस्ती में विकास कार्यों को गति देते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को कुल 12 लाख रुपये की लागत से होने वाले दो निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इन कार्यों में 3 लाख रुपये की लागत से तटबंध के लिए सुरक्षा दीवार तथा 9 लाख रुपये की लागत से राधाकृष्ण मंदिर में टिन शेड का निर्माण शामिल है।
शिलान्यास के दौरान कैबिनेट मंत्री ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्देश दिए कि दोनों निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि स्थानीय लोगों को जल्द इनका लाभ मिल सके।
इस अवसर पर गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार क्षेत्रीय जरूरतों के अनुरूप बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और जनसमस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार विकास योजनाओं को केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रख रही, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि सरकार जिन विकास कार्यों का शिलान्यास करती है, उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा कर लोकार्पण भी सुनिश्चित किया जाता है, ताकि जनता को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, पार्षद महिमा पुंडीर, समीर पुंडीर, सुधीर पुंडीर, मोहित अग्रवाल, अवनीश खत्री, अजीत सिंह, मोहित खरोला, विशाल गोयल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
Tags: #GaneshJoshi #Dehradun #RajpurWard #DevelopmentWorks #UttarakhandNews




