10 से 25 सितंबर तक विशेष अभियान; नई रोड कटिंग की अनुमति एसडीएम, सीओ ट्रैफिक और लोनिवि की संस्तुति पर ही मिलेगी
देहरादून, 7 सितंबर। कलेक्ट्रेट में आयोजित रोड कटिंग समिति की बैठक में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शहर में चल रहे रोड कटिंग कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने जनसुरक्षा और जनसुविधा को प्राथमिकता देते हुए सभी कार्य अधिकतम 15 दिन में पूरा करने के निर्देश दिए।
काम पूरा होते ही सड़क की होगी मरम्मत
डीएम ने कहा कि 10 से 25 सितंबर तक विशेष अभियान चलाकर मैनपावर बढ़ाते हुए लंबित कार्य युद्धस्तर पर पूरे किए जाएं। काम पूरा होते ही संबंधित सड़क की तत्काल रिस्टोरेशन की जाए, ताकि यातायात और आमजन को परेशानी न हो।
अब बिना संस्तुति नहीं मिलेगी रोड कटिंग की अनुमति
नई रोड कटिंग की अनुमति अब संबंधित एसडीएम, पुलिस क्षेत्राधिकारी यातायात और अधीक्षण अभियंता लोनिवि की संस्तुति के बाद ही दी जाएगी। अनुमति से पहले यातायात, सुरक्षा और जनसुविधा का परीक्षण भी किया जाएगा।
कंट्रोल रूम करेगा रोजाना निगरानी
डीएम ने कार्यदायी संस्थाओं को रोजाना कार्य प्रगति की रिपोर्ट कंट्रोल रूम में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निर्धारित समय में काम पूरा नहीं करने पर संबंधित विभाग और कार्यदायी संस्था की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
सीमाद्वार जलभराव के स्थायी समाधान की तैयारी
बैठक में सीमाद्वार क्षेत्र के जलभराव की समस्या पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि स्थायी समाधान के लिए डीपीआर तैयार कर ली गई है, जिसे शासन को भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
डीएम ने स्पष्ट किया कि सड़क और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों में जनसुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
#Dehradun #DMDehradun #RoadCutting #PWD #TrafficManagement #SeemaDwar #UttarakhandNews




