शिक्षक दिवस पर सिलवाल गांव माजफ में शिक्षकों का सम्मान, अंगवस्त्र और पेन भेंट कर जताया आभार

प्रतापनगर। शिक्षक दिवस के अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर सिलवाल गांव माजफ में शिक्षकों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ के सह-संयोजक एवं वरिष्ठ नेता सीए राजेश्वर पैन्यूली ने क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों को अंगवस्त्र और पेन भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में राजकीय प्राथमिक विद्यालय, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज के शिक्षक मौजूद रहे।
पैन्यूली ने कहा कि शिक्षक समाज निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे बच्चों को सिर्फ किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि उन्हें जीवन की सही दिशा, संस्कार और आगे बढ़ने का मार्ग भी दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को बच्चों की प्रतिभा पहचानकर उन्हें इस तरह तराशना चाहिए कि वे गांव, प्रदेश और देश के साथ पूरी दुनिया में अपना नाम रोशन करें।
उन्होंने कहा कि किसी भी समाज और राष्ट्र का भविष्य उसकी शिक्षा व्यवस्था और शिक्षकों की गुणवत्ता पर निर्भर करता है। शिक्षकों का सम्मान वास्तव में समाज के उज्ज्वल भविष्य का सम्मान है।
कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक उपाध्यक्ष राजपाल मिश्रवाण, पूर्व मंडल महामंत्री अविवेक भट्ट, जिला कार्य समिति सदस्य दिनेश भट्ट, पूर्व ब्लॉक उपाध्यक्ष लक्ष्मी उनियाल, सूरत सिंह पवार, कमलेश कुड़ियाल, दीप राम जोशी, महेश पैन्यूली और इंदर सिंह राणा सहित कई लोग मौजूद रहे।




